दीवार का छज्जा गिरा, युवक की सांसें थमीं
शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रविवार को एक घर की दीवार का छज्जा गिरने से एक युवक की मौत हो गई। युवक दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी मेवालाल घर के बाहर छप्पर रखवा रहा था। छप्पर उठाने के लिए अन्य ग्रामीणों के साथ दिनेश कुमार (20) पुत्र अवसान भी गया हुआ था। छप्पर उठाने के दौरान पास में स्थित एक दीवार का छज्जा ढह गया। इसके नीचे दिनेश कुमार दब गया। मलबा हटाकर जब तक ग्रामीण दिनेश को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस गांव पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक अपने दो बड़े भाइयों अशोक और राजेश के साथ दिल्ली में नौकरी करता था। हाल ही में वह घर आया था। 30 जून को छोटी बहन संगीता की शादी है। घर में शादी को लेकर हंसी खुशी का माहौल था। दिनेश की मौत के बाद सभी का रो-रोकर हाल बेहाल है।