हादसों में पांच घायल, चार गंभीर
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को हुईं मार्ग दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ककराही मजरे चिलौला गांव निवासी संतलाल ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी के गुटके लेकर फतेहपुर की ओर जा रहा था। सेमरपहा गांव स्थित गनेशन मंदिर मोड़ के निकट लालगंज की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर व ट्रक पलट गए। ट्रैक्टर चालक के अलावा ट्रक में बैठे बस्ती जनपद के हर्रइया थाना क्षेत्र के करमदाड़ निवासी बाबूराम घायल हो गए। उन्नाव जनपद के बारा सगवर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव निवासी आशीष पटेल अपनी मां विमला देवी को लेकर बंधन सिंह का पुरवा जा रहा था। गांव के पास अज्ञात चौपहिया वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। उधर कोरिहरा गांव निवासी शीतलाबक्श सिंह भी मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां संतलाल, आशीष, विमला, शीतलाबक्श की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।