सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे बने जानलेवा
सलोन (रायबरेली)। गांवों को इंटरनेट व्यवस्था से जोड़ने के लिए क्षेत्र में सड़क किनारे खोदे जा रहे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। शिकायत के बावजूद इन गड्ढों को नहीं पटवाया जा रहा है। सलोन ब्लॉक क्षेत्र की 13 न्याय पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने के लिए सड़कों के किनारे नाली खोदी गई थी, उसी में ओएफसी केबल डाली गई। केबल डालने के बाद कुछ जगह नाली को पाटा गया तो कुछ जगह ऐसे ही छोड़ दिया गया। बरसात होने पर मिट्टी धंस गई। इससे सड़क किनारे जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे आए दिन लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। सबसे खराब हालत जगतपुर मार्ग की है। इस मार्ग के किनारे खोदी गई नाली जस की तस पड़ी है। दूर संचार विभाग के जेटीओ नीरज यादव ने बताया कि विभाग ने केबल डालने का कार्य एक कार्यदायी संस्था को दिया है। यदि नालियों को नहीं पटवाया गया तो उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी।