अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। शनिवार से बीएससी बायो और बीएससी गणित समूह की काउंसिलिंग शुरू हुई। बीएससी बायो और गणित में 257 के सापेक्ष 121 अभ्यर्थियों ने दस्तावेज सत्यापन कराकर प्रवेश लिया, शेष सीटों के लिए 20 जुलाई की काउंसिलिंग तय की गई है।
बीएससी बायो में कटऑफ 48 प्रतिशत और बीएससी गणित में 49.6 प्रतिशत तक पहुंचा। दस्तावेज अधूरे होने और कुछ अभ्यर्थियों के अनुपस्थित रहने से सभी सीटों पर पहले दिन प्रवेश नहीं हो सका। प्रवेश समन्वयक प्रो. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि बीएससी बायो की अगली काउंसिलिंग 20 जुलाई को होगी। इसमें 70 से 49.2 प्रतिशत तक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। उन्हें सुबह 10 से 11 बजे के बीच निर्धारित स्थल पर रिपोर्ट करना होगा। अभ्यर्थियों को मूल प्रमाणपत्र, एक पासपोर्ट आकार का फोटो और सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां साथ लानी होंगी। प्रवेश शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
कल से शुरू होगा सीयूईटी का रजिस्ट्रेशन
सीयूईटी के माध्यम से प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। विश्वविद्यालय में उनका ऑनलाइन पंजीकरण 20 से 31 जुलाई तक होगा। इसके बाद मेरिट सूची जारी कर विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अगली प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं जल्द शुरू करने की तैयारी में है।