सलोन। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में सोमवार को नाम वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अली अहमद ने अपने पुत्र मोहम्मद सरफराज के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया। इससे पहले नामांकन पत्रों की जांच में पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर रस्तोगी का पर्चा खारिज हो चुका है। अध्यक्ष पद के लिए कुल 14 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच में एक पर्चा खारिज होने के बाद 13 प्रत्याशी मैदान में बचे थे। सोमवार को नाम वापसी के अंतिम दिन अली अहमद के नामांकन वापस लेने के बाद अब 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। प्रत्याशियों ने जनसंपर्क तेज कर दिया है। गली-मोहल्लों, बाजार और चौक-चौराहों पर चुनावी चर्चाएं बढ़ गई हैं। प्रत्याशी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि मंगलवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।