हज यात्रा के आवेदन की अंतिम तिथि 7 दिसंबर
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। हज यात्रा 2018 में जाने वाले इच्छुक हज आवेदकों को वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने एवं ई-पेमेंट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यदि कोई ऑफलाइन हज आवेदन करना चाहता है तो वह वेबसाइट से हज आवेदन फार्म डाउनलोड कर सकता है। फार्म की फोटो प्रति भी मान्य है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी केके सिंह ने बताया कि आवेदन फार्म किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। हज 2018 के लिए ऑनलाइन/ऑफलाइन/मोबाइल एप पर आवेदन 15 नवंबर से शुरू हो गए हैं। आवेदन के बाद संलग्नक सहित प्रपत्र डाक के जरिए सचिव/कार्यपालक अधिकारी उप्र राज्य हज समिति 10, ए विधानसभा मार्ग लखनऊ को संबोधित कर भेजें। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 7 दिसंबर निर्धारित की गई है।