सुल्तानपुर बाजार में उत्पात, दुकानदारों की पिटाई, तोड़फोड़ के बाद बाजार बंद
15 बाइकों पर पहुंचे करीब 30-35 युवक, भागते समय एक धरा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीगंज। सुल्तानपुर बाजार से शनिवार को गुजर रही छात्राओं से छेड़खानी करने वाले दो मनचलों को ग्रामीणों ने पीटकर भगा दिया। थोड़ी देर में असलहों और लाठी-डंडों से लैस करीब 30-35 युवक 15 बाइकों से बाजार पहुंचे। जो जहां मिला, वहीं पीटना शुरू कर दिया, तोड़फोड़ की। कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई तो उन्हें भागना पड़ा। तनाव को देखते हुए बाजार में फोर्स तैनात कर दी गई।
बाजार में तांडव करने वाले युवक धनुहा, देवगढ़ कमासिन, प्रीतम तिवारीपुर गांव के बताए जा रहे हैं। हमले के दौरान बाजार का बच्चा सरोज बचने के लिए एक दुकान में घुसा तो आरोपियों ने उसे भीतर घुसकर पीटा।
किराना दुकानदार राजकुमार उर्फ पप्पू जायसवाल ने विरोध किया तो उसे भी पीटा और दुकान में तोड़फोड़ कर काउंटर से रुपये भी समेट ले गए। इससे बाजार में खौफ का माहौल पैदा हो गया। दुकानदार अपनी दुकानों के शटर बंद कर भीतर छिप गए आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग भी की, जिससे पुलिस इन्कार कर रही है।
बाद में कुछ युवकों ने शोर मचाते हुए आरोपियों को दौड़ाया तो बाइक सवार हमलावर भाग निकले। इस दौरान हमलावरों की तीन बाइक छूट गई। लोगों ने भाग रहे देवगढ़ कमासिन के विवेक को दबाेच लिया और जमकर धुना।
रानीगंज एसओ सर्वेश सिंह ने बताया कि तनाव को देखते हुए बाजार में पुलिस तैनात है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।
पुलिस न आती तो गंभीर हो सकती थी विवेक की हालत
घटना से आक्रोशित बाजारवासी पकड़े गए विवेक की लात घूंसों से पिटाई की। जो भी पहुंचता, वही उसे मारने लगता। पुलिस समय से न पहुंचती तो उसकी हालत गंभीर हो सकती थी। पुलिस ने उसे लोगों के चंगुल से निकालकर सीएचसी भेजा। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।