बेकाबू बाइक की टक्कर से घर के सामने बैठे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में लाए जाने पर घायलों में से एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाकि को प्रयागराज में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दूसरे दिन जाम लगा दिया। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
सांगीपुर थाना के पूरे नारायनदास सिताली का पुरवा निवासी सोनू वर्मा, सीमा देवी, सोना देवी व दो वर्षीय मासूम रेनू के साथ बृहस्पतिवार की रात दस बजे सड़क किनारे अपने घर के सामने बैठा था। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक सवार ने घर के सामने बैठे चारों लोगों को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार भी पलट गया, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाते हुए वह बाइक छोड़कर भाग निकला। टक्कर में घायल हुए चारों लोगों को सांगीपुुर सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने सोनू 18 को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल दोनों महिला समेत मासूम को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने दूसरे दिन शुक्रवार को दस बजे घर के सामने अंतू-सांगीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर सीओ रामसूरत सोनकर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब घंटे भर बाद जाम समाप्त कराया। सांगीपुर एसओ मनीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। मौके से मिली बाइक को लेकर पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।