प्रेम प्रसंग में जिस युवक की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, रविवार को पुलिस की मौजूदगी में पूरे बसावन राहाटीकर गांव में उसका शव दफ्न किया गया। मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है, जिन्हें अभी पकड़ा नहीं जा सका।
नगर कोतवाली के पूरे केशवराय गायघाट निवासी 22 वर्षीय उर्फ दीपक सिंह उर्फ सोनू अपने ननिहाल उदयपुर थाना के पूरे बसावन राहाटीकर गांव में रहता था। शुक्रवार की रात में खाना खाने के बाद वह सो गया। आरोप है कि रात करीब तीन बजे पड़ोसी विजय बहादुर सिंह दरवाजे पर पहुंचे और कहा कि सोनू मेरी पौत्री के साथ घर के समीप अश्लील हरकत कर रहा था। हम लोग पकड़ने दौड़े तो वह कहीं भाग गया। इसके बाद वह धमकी देकर चले गए। सोनू के मामा मम्मी ने उसे फोन लगाया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
अगले दिन शनिवार सुबह घर के समीप खेत में खून के धब्बे, सोनू का लोअर, दो कारतूस के खाली खोखा व मुस्तफाबाद गांव में ईट भट्ठे के समीप उसकी टी-शर्ट मिली तो हत्या की आशंका जताई गई। कुछ घंटे बाद 10 बजे के करीब रायबरेली जिले के सलोन थाना अंतर्गत परशदेपुर स्थित गाड़ी घाट सई नदी से पुलिस ने उसका शव बरामद किया।
शनिवार देर रात मृतक के मां-बाप चंडीगढ़ से पूरे बसावन गांव पहुंचे। बेटे का शव देखते ही अचेत हो गए तो लोगों ने उन्हें किसी तरह संभाला।
पुलिस की जांच में हत्या की साजिश में नामजद आरोपियों के अलावा तीन युवतियों के नाम भी शक के दायरे में हैं। उदयपुर एसओ निकेत भारद्वाज ने बताया कि आशनाई में घटना हुई है। पुलिस की दो टीम बनाकर आरोपियों की तलाश में लगी है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
दो आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी का केस
लालगंज। कोतवाली के रायपुर भगदरा निवासी राजेश सरोज का आरोप है कि 22 जून को रंजिश के चलते गांव के रामप्रताप वर्मा व एक अज्ञात आरोपी ने उसे जातिसूचक गालियां दीं, लाठी-डंडे से मारकर उसे घायल कर दिया। जांच के नाम पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही थी। पीड़ित ने सीओ से मिलकर आपबीती सुनाई। सीओ रामसूरत सोनकर के निर्देश पर पुलिस ने दो के खिलाफ शनिवार की रात केस दर्ज किया है। संवाद
रंजिश के चलते दो पक्षों में मारपीट, आठ पर केस
लालगंज। मारपीट के मामले में दो पक्षों के आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
लालगंज के लेदई का पुरवा, देवापुर निवासी तीर्थराज मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बीस जून को गांव के रामसमुझ, रवि, ननकउ पाण्डेय व राजू पाण्डेय पीड़ित के दरवाजे पर गालीगलौज करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे से परिवार के सदस्यों को मारा पीटा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शनिवार की रात चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष के सुनील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रंजिश के कारण बीस जून को गांव के तीर्थराज मिश्र, रावेन्द्र मिश्र व तीर्थराज की पुत्री तथा तीर्थराज की बहुओं ने एक राय होकर उसे लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी तीर्थराज समेत चार के खिलाफ बलवा व धमकी का केस दर्ज किया है। कोतवाल ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद
छेड़छाड़ पर केस दर्ज
लालगंज। कोतवाली के भटियारा अगई निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बारह मई को आठ बजे सायं गांव का आरोपी धीरेन्द्र कुमार उसके घर पहुंचा। घर के अन्दर पीड़िता की पुत्री को बदनीयती से जमीन पर पटक दिया। शोर मचाने पर आरोपी गाली देते हुए पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर चला गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रविवार को आरोपी धीरेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। संवाद