रानीगंज थाना क्षेत्र में झोलाछाप के गलत इलाज से मरीज की आंत फट गई। हालत गंभीर देख उसे प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही झोलाछाप के खिलाफ परिजनों ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के रामपुर आधारगंज के मऊडड़िया निवासी त्रिवेणी प्रसाद ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। उसमें बताया गया कि उसके 19 वर्षीय बेटे राम उजागर बनवासी के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा। उसने जामताली बाजार स्थित झोलाछाप निर्मलेंद्र विश्वास को दिखाया। झोलाछाप के गलत इंजेक्शन और दवा के चलते उसके बेटे की आंत फट गई। हालत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में चिकित्सक आईसीयू में भर्ती कर बेटे का इलाज कर रहे हैं।
पीड़ित के मुताबिक जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि मरीज की आंत फट गई है। डॉक्टर ने पेट का ऑपरेशन कर उसके बेटे की जान बचाई। सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ल ने कहा कि मेरे पास किसी प्रकार की शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आती है तो झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।