शहर के कोषागार चौराहे पर बुधवार को हंगामा हो गया। चार महिलाओं ने एक युवक को पकड़कर पीट दिया। जूबाए के पूर्व महामंत्री के बीच-बचाव पर मामला शांत हुआ।
कोषागार चौराहे के पास चार महिलाओं ने अचानक एक युवक को घेर लिया। लोगों के अनुसार महिलाओं ने अपशब्दों की बौछार करते हुए युवक पर हमला कर दिया। युवक भी उनसे पहले भिड़ गया लेकिन चारों ओर से महिलाओं के हमले से वह अपना बचाव न कर सका। आसपास मौजूद लोग शोर मचाते हुए आगे बढ़े लेकिन महिलाओं का तेवर देख पीछे हट गए। इस बीच वहां पहुंचे जूबाए के पूर्व महामंत्री संतोष मिश्रा ने किसी तरह युवक को महिलाओं से बचाया। मौका पाकर पीड़ित युवक कचहरी के भीतर चला गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। परंतु आरोपी महिलाएं जा चुकी थी। चौकी प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि महिलाएं संग्रामगढ़ की रहने वाली थी। जिससे मारपीट करने की बात सामने आई है। वह भी संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र का ही रहने वाला था। फिलहाल तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।