हरिहरपुर छमऊ शुक्ल का पुरवा में शुक्रवार की रात पति के बगल दूसरी चारपाई पर सो रही ललिता देवी (50) की बांके से गला रेत कर हत्या कर दी गई। कातिलों ने शरीर पर कई जगह प्रहार भी किए। हैरत यह कि बगल में सोए पति को भनक न लगी। सुबह नींद खुली तो घटना की जानकारी हुई। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
रामकुमार पटेल और उनकी पत्नी ललिता देवी घर के बाहर पशुशाला से लगे टिनशेड के नीचे अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे। शनिवार भोर में करीब चार बजे रामकुमार उठा तो ललिता का खून से लथपथ शव देख चीख पड़ा। शोरशराबा सुनकर परिजन व आसपास के लोग पहुंचे। कुछ देर बाद बाघराय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हत्या की खबर पर सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता भी फील्ड यूनिट की टीम लेकर मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम मृतका व देवर के घर से लेकर घटनास्थल तक छानबीन करती रही। पुलिस परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास करती रही।
मृतका के पति रामकुमार की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध धारा 103 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एएसपी पश्चिमी संजय राय ने बताया कि घटना की गहराई से छानबीन की जा रही है। परिवार के लोग पड़ोसियों पर हत्या की आशंका जता रहे हैं।