संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा। मानिकपुर थाना क्षेत्र में बस की टक्कर से घायल महिला की इलाज के दौरान प्रयागराज में मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
कमंडीचक गांव निवासी परहिन देवी कुंडा के अतहर पेट्रोलपंप के पीछे बाग में साथियों संग झोपड़ी डालकर रहती थी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे वह किसी काम से पैदल ही कुंडा नगर की ओर जा रही थी। जैसे ही वह गांधी नगर तिराहे के पास पहुंची, तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर से घायल हो गई। आस पास के लोगों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे स्वरुप रानी अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। प्रयागराज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाली दरोगा विनय सिंह का कहना है कि अभी तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मृतका के तीन बेटे मलकाऊ, प्रधान, अर्जुन व एक बेटी मीना है। सभी की शादी हो चुकी है।