कोहड़ौर थाना क्षेत्र के नरहरपुर भागीपुर में शुक्रवार दोपहर व्यापारी की दुकान पर उसकी पत्नी का प्रेमी अपने दोस्त संग पहुंचा। तमंचा सटाकर उसे पीटने लगा। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो वह भाग निकला। लेकिन, लोगों के उसके साथी को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
नरहरपुर भागीपुर में सूरज गिरि, 27 ने किराने की दुकान खोल रखी है। सूरज के अनुसार शुक्रवार दोपहर उसकी पत्नी का प्रेमी शिवम गिरि साथी संग वहां पहुंचा। जब तक वह कुछ समझ पाता, शिवम तथा उसका साथी उसे दुकान से पकड़कर बाहर ले आए और तमंचा सटाकर पीटने लगे। शोर शराबा सुनकर पासपड़ोस के लोग दौड़े तो आरोपी भागने लगे।
लोगों ने प्रेमी के दोस्त आदित्य शर्मा को दबोच लिया। पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सूरज ने बताया, दिसंबर 2022 में शिवम गिरि, उसकी पत्नी को भगा ले गया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। कोहड़ौर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया, तहरीर मिली है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।