बरसात के पहले शहर के नालों की सफाई नगर पालिका प्रशासन करा रहा था। नालों से निकली सिल्ट किनारे रख दी गई थी। रविवार को हुई बरसात से सिल्ट फिर से नाले में चली गई। अब नालों की सफाई के लिए फिर से नगरपालिका को रुपये खर्च करने होंगे। मानसून की पहली बारिश ने ही शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। मानसून आने के पहले नगर पालिका ने कुछ नालों और नालियों की सफाई के बाद उसकी सिल्ट वहीं किनारे छोड़ दी थी। रविवार की भोर से शुरू हुई बारिश से सिल्ट फिर बहकर नालों और नालियों में जमा हो गई। राहगीर गंदे पानी से होकर गुजर रहे थे। करनपुर शिवजीपुरम,बेगमवार्ड, जोगापुर कालोनी, गायत्री नगर, टक्करगंज मोहल्ले में गंदा पानी आने से हर तरफ दुर्गंध फैल गई।