एक दिन की बदरी-बूंदी के बाद सूरज तेवर से वातावरण तप रहा है। दिनभर चलने वाली गर्म हवाएं शरीर को बेध रही हैं। बृहस्पतिवार को पारा 35.1 डिग्री पर पहुंच गया। इससे दिनभर लोग गर्मी से परेशान रहे। दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया। पंखे व कूलर की हवा से भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही थी। मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश होने की संभावना धूमिल है।
बृहस्पतिवार दोपहर में धूप व लू के थपेड़ों से लोगों का जीना मुहाल हो गया। पछुवा हवाएं भी रफ्तार भर रही हैं। पूरा वातावरण आग की तरह झुलस रहा है। सुबह से ही पश्चिमी हवाएं सक्रिय रहीं। सुबह नौ बजे के बाद धूप सहन नहीं हो पा रही थी।
बाहर निकलने पर सूर्य की किरणें शरीर में चुभ रही थीं। दोपहर में लू के थपेड़े चेहरे झुलसा रहे थे। तपिश से लोगों को न घर में सुकून था और न ही बाहर। दोपहर में बस स्टैंड के साथ शहर के बाबागंज, पंजाबी मार्केट, सदर बाजार, भगवाचुंगी, पल्टन बाजार सहित भीड़भाड़ वाले बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दुकानों पर इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। वह भी गर्मी से बेहाल रहे।
शाम करीब छह बजे के बाद बाजारों में चहल-पहल शुरू हुई मगर, इसके बाद भी गर्मी से लोगों को राहत नहीं थी। उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल खराब रहा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि अधिकतम तापमान 35.1 व न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। धूप-छांव का माहौल बना रहेगा। उमस हावी रहेगी।