कोतवाली क्षेत्र के हर्रई पट्टी गांव में शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसे जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि विवाहिता पिछले वर्ष ब्याह कर आई थी। चर्चा रही कि विवाहिता का शादी से पहले ही सुल्तानपुर जनपद के मुडिला गांव निवासी एक युवक से प्रेम चल रहा था। पढ़ाई के दौरान से ही दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। शादी के बाद पति रोजी रोटी के सिलसिले में विदेश चला गया।
रविवार की रात विवाहिता ने अपने प्रेमी को मिलने के लिए घर के अंदर बुला लिया। इस दौरान ससुराल के अन्य लोगों को इसकी भनक लग गई। गांव में शोर हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घर को घेर लिया। अंदर से युवक को निकाल कर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाने में सोमवार को पूरे दिन इस प्रकरण को लेकर पंचायत चलती रही। अंततः पुलिस ने विवाहिता के पिता को बुलाकर उसे उनके हवाले कर दिया। इस संबंध में कोतवाल नंदलाल सिंह का कहना है कि दोनों बालिग हैं। इच्छा अनुसार अपना जीवन जीने के लिए स्वतंत्र हैं। फिलहाल लड़की को उसके पिता के हवाले कर दिया गया है। कोई प्रार्थना पत्र न मिलने के कारण युवक को भी छोड़ दिया गया।