नामजद फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के कीना का पुरवा भंगवा में गत दिनों सब्जी विक्रेता अनिल साहू के मुख्य हत्यारोपी को पुलिस ने जौनपुर से दबोच लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना में प्रयुक्त चाकू की तलाश कर रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
भंगवा निवासी अनिल साहू की रविवार की चाकू से गोदकर पड़ोसी योगेश पाल उर्फ पप्पू समेत अन्य लोगों ने हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भतीजे अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने नामजद संगीता वर्मा को जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी योगेश पाल फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी थी। बृहस्पतिवार की रात जौनपुर में रिश्तेदार के घर में दबिश देकर योगेश को दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार उसके हाथ में भी चोट है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद करने के लिए प्रयासरत है। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि नामजद चार आरोपी अभी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।