नए साल की पूर्व संध्या पर रविवार को शहरियों ने जहां एक ओर गुजरते वर्ष आभारसहित विदा किया, वहीं नई उम्मीदों और संकल्पों के साथ नए वर्ष का स्वागत भी किया। संधि की बेला में हर पल को शहरियों ने जमकर मस्ती, धमाल के साथ जिया।
शाम ढलते ही नए साल के जश्न में पूरा शहर डूब गया। होटल-रेस्तरां में नववर्ष की पार्टियों में लोग लजीज व्यंजनों का लुत्फ लेते रहे तो सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मस्ती ने आनंद को दोगुना किया।रविवार रात जैसे ही घड़ी की सुइयों ने 12 बजाया, नए साल की दस्तक के साथ ही पूरा शहर जश्न के माहौल में डूब गया। शहरियों ने नए साल के स्वागत में जमकर आतिशबाजी की, होटलों व रेस्तरां में नए-पुराने गीतों पर लोग थिरकते रहे।
केक काटा गया। लोगों को एक दूसरे को उपहार दिए। और बधाइयों का सिलसिला तो आधी रात के बहुत बाद तक जारी ही रहा। वहीं गांव-देहात में भी लोगों ने अपने-अपने तरीके से पार्टियां मनाई।
नए साल के स्वागत की भी तैयारी
नए वर्ष की सुबह मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन कर लोग अपने आराध्य से प्रार्थना करेंगे। सभी ने अलग-अलग ढंग से तैयारियां कर रखी हैं।
नए साल के स्वागत में जश्न मनाने के लिए रविवार को किसी ने होटल-रेस्तरां में पहले से जगह बुक करा रखी है तो कोई सार्वजनिक स्थान पर पार्टियां मनाकर नए साल का स्वागत करेगा।
फूलों की रही खूब मांग
साल को अलविदा कहने और नए साल की बधाई देने के लिए लोगों ने गुलाब सहित तरह-तरह के फूल खरीदे। किसी ने घर, प्रतिष्ठान को फूलों से सजाने के लिए ऑर्डर दिया।