कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलों से लदा बेकाबू ट्रक ने दो घरों को क्षतिग्रस्त करते हुए तीसरे घर के बाहर सो रहे गृहस्वामी को रौंद दिया। हादसे में घायल की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। आधी रात हुए हादसे के बाद बाजारवासियों में अफरातफरी मच गई।
उदयपुर थाना के अठेहा बाजार तिराहे पर मंगलवार की रात 11 बजे अमेठी की ओर जा रही कोल्ड ड्रिंक्स लदा ट्रक बेकाबू हो गया। ट्रक ने दो घरों को क्षतिग्रस्त करते हुए हुए तीसरे घर के बाहर दरवाजे पर सो रहे दिलदार अली (55) को रौंद दिया। हादसे की सूचना मिलने पर घरों में सो रहे बाजारवासियों में अफरातफरी मच गई।
मौके पर जुटे लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल दिलदार को उपचार के लिए सांगीपुर सीएचसी ले जा रहे थे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। उधर, घटना के बाद अंधेरे का लाभ लेकर ट्रक चालक फरार हो गया। घटना की जानकारी पर उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ राधेबाबू का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।