मवेशी बचाने के चक्कर में अनियंत्रित कार हाईवे किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लीलापुर थाना क्षेत्र के डांडी दया का पुरवा निवासी हंसराज सरोज (40) मंगलवार की देर रात कार से रिश्तेदारी जा रहा था। उसके साथ गांव के विजय वर्मा (30), संजीत कुमार सरोज (39) व दिनेश कुमार सरोज (31) भी थे। लालगंज कोतवाली के हरिकिशुन दुबे का पुरवा के समीप लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर अचानक कार के सामने आवारा मवेशी आ गया।
मवेशी को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पेड़ से टकराते हुए पलट गई। हादसे में चारों कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय ट्रामा सेंटर ले गई। यहां चिकित्सकों ने कार चालक हंसराज सरोज को मृत घोषित कर दिया।
जबकि तीनों घायलों की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने आननफानन में मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि मृतक किसानी कर बच्चों की परवरिश करता था। संवाद