प्रयागराज- अयोध्या राजमार्ग पर रामलीला मैदान पड़ाव वार्ड के करीब बुधवार की देर रात अज्ञात ट्रक ने मोबाइल कारोबारी प्रदीप यादव को रौंद दिया। हादसे के बाद उसके ऊपर से पीछे से आ रहे कई वाहन भी गुजरे। मौके पर खून फैला था और मांस के लोथड़े पड़े थे। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन रात में ही अस्पताल पहुंचे।
कंधई के सराय जमुआरी निवासी प्रदीप यादव (24) शहर के बाबागंज में मोबाइल की दुकान चलाते थे। बुधवार की देर रात वह बाइक से घर जा रहा थे। हाईवे पर रामलीला मैदान पड़ाव वार्ड के पास बेकाबू ट्रक की टक्कर से वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद कई ट्रक और वाहन उसे रौंदते हुए गुजरे। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हाईवे पर हादसे की सूचना मिलने पर मकंद्रूगंज पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से मिले मोबाइल से मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई। पुलिस ने उसे अस्पताल भेजते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बीच मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर पिता रामशिरोमणि समेत परिवार के सदस्य रोते-बिलखते रहे। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
हेलमेट भी हो गया था चकनाचूर
बाइक चलाते समय प्रदीप ने हेलमेट लगा रखा था। इसके बाद भी उसके शरीर के ऊपर व नीचे के हिस्से का अंग गायब था। हेलमेट भी चकनाचूर हो गया था। जिसे देखने के बाद परिवार के लोग साजिश की आशंका भी जताते रहे।