25 अगस्त से शुरू हो रही पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए परिवहन निगम नौ स्पेशल बसों का संचालन करेगा। परीक्षार्थियों को उनके सेंटर तक बसें पहुंचाएंगी और परीक्षा छूटने के बाद उन्हें लेकर लौटेंगी।
एआरएम राजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 25 से 29 अगस्त के बीच दिल्ली, कानपुर, लखनऊ और वाराणसी में पुलिस भर्ती परीक्षा सेंटर बनाए गए हैं। दो पालियों में केंद्रों पर परीक्षा होगी। जिले से हजारों की संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा देने जाएंगे। इसे देखते हुए आरएम एमके त्रिवेदी ने नौ स्पेशल बसों के संचालन का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक रूट पर दो-दो निगम की बसों का संचालन होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की परीक्षा न छूटने पाए इसलिए समय का विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहली पाली की परीक्षार्थियों के लिए सुबह चार बजे से बसें मिलने लगेंगी तो दूसरी पाली में जिन परीक्षार्थियों के सेंटर हैं उनके लिए सुबह 11 बजे से बसें रवाना की जाएंगी।
प्रयास रहेगा कि परीक्षार्थियों को उनके सेंटर तक बसें लेकर जाएंगी। परीक्षा से छूटने के बाद परीक्षार्थियों को चालक और परिचालक लेकर लौटेंगे। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के बाद पुलिस परीक्षा को देखते हुए चालकों-परिचालकों और वर्कशाप के कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा भीड़ को देखते हुए भी बसों की संख्या घटाई और बढ़ाई जा सकती है।