शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शनिवार को ईओ राकेश कुमार पल्टन बाजार वार्ड पहुंचे। निर्धारित प्वाइंट पर तीन कर्मचारी नहीं मिले। उनका वेतन रोका। जानकारी मिलते ही पालिका के कर्मचारियों में खलबली मची रही।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी राकेश कुमार पल्टन बाजार मोहल्ले में सफाई व्यवस्था को लेकर असंतोष जताया। खासतौर पर नालियों की सफाई ठीक न मिलने पर और बेहतर कराने का निर्देश दिया। कर्मचारियों के निर्धारित प्वाइंट पर न मिलने पर सफाई निरीक्षक व सफाई नायक से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। ईओ ने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने निर्धारित प्वाइंट पर काम करें। जांच के दौरान न मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों के साथ नायक व सफाई निरीक्षक की भी जवाबदेही तय होगी। शहर की सफाई व्यवस्था को हर हाल में दुरुस्त करने के लिए अभियान भी चलेगा।