मुंबई व राजस्थान में हुए अलग-अलग हादसों में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अनहोनी की खबर से परिजन रोने-बिलखने लगे।
लीलापुर के सिंधौर शमशेरगंज बाजार निवासी रामआसरे मौर्य (50) अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के दिवा में रहते थे। वह सब्जी का कारोबार करते थे। सोमवार भोर में वह अपने बेटे मुकेश (22) के साथ बाइक से बांद्रा जा रहे थे।
रास्ते में घाटकोपर स्थित फ्लाईओवर से बाइक लेकर दोनों नीचे गिर गए। मौके पर ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। दिवा स्थित घर पर मौजूद मृतक की पत्नी संतोषी कुमारी रोते हुए परिजनों संग घटनास्थल पर पहुंचीं।
मंगलवार को पिता-पुत्र दोनों का एक साथ मुंबई में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना से सिंधौर में भी रिश्तेदार, पड़ोसी दुखी हैं। वहीं दूसरी ओर दूल्हेपुर निवासी लवकुश सिंह (32) टैंकर चलाकर परिवार का गुजर बसर करता था। सोमवार को वह टैंकर लेकर दिल्ली से राजस्थान जा रहा था। राजस्थान पहुंचने पर ट्रक से टैंकर की टक्कर हो गई।
हादसे में लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे लावारिस के रूप में अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन राजस्थान पहुंचे। मंगलवार को शव लेकर देल्हूपुर स्थित घर पहुंचे। शाम को ऋंग्वेरपुर घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक लवकुश के बेटी खुशी व परी के साथ बेटा आदित्य व अभी हैं।