शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए तीन नगरीय हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाए जाएंगे। इन सेंटरों के संचालन से मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भीड़ कम होगी। साथ ही लोगों को घर के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। खुद का भवन होने तक ये सेंटर किराए के भवन में संचालित करने की योजना है।
शहर में मेडिकल कॉलेज के अलावा दो अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन हो रहा है। इससे मेडिकल कॉलेज ही नहीं, इन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ लगी रहती है। लोगों को परेशान होना पड़ता है।
लोगों की इस समस्या को देखते हुए सीएमओ ने शासन को प्रस्ताव भेजकर तीन अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित करने की अनुमति मांगी थी। शासन ने सीएमओ के प्रस्ताव को स्वीकृत कर सेंटर संचालन की अनुमति दे दी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जीएम शुक्ल ने बताया कि शहर से करीब चार किमी दूर चिलबिला तो मेडिकल कॉलेज से तीन किमी दूर अचलपुर और चार किमी दूर पूरे नरसिंहभान में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
खुद का भवन होने तक इनका संचालन किराए के भवन में किया जाएगा। शासन ने भवन किराए के रूप में 50 हजार रुपये अनुमन्य किए हैं। उन्होंने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर नियमित ओपीडी होगी। साथ ही दवा वितरण, टीकाकरण, काउंसलिंग आदि के कार्य भी होंगे।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालन के लिए जिन भवनों को किराए पर लिया जाएगा, वहां नागरिक सुविधाओं के साथ बिजली-पानी की उपलब्धता जरूरी है। सड़क, पार्किंग की व्यवस्थाएं स्वास्थ्य विभाग के अफसर देखेंगे, जिससे एंबुलेंस और मरीजों लेकर आने वाले वाहन फंसे नहीं। विभाग की ओर से भवन की तलाश शुरू कर दी गई है।
सैकड़ों गांव के लोगों को मिलेगा लाभ
अचलपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की तो बात दूर एएनएम सेंटर तक नहीं है। अस्पताल पहुंचने में मरीजों को आधा से एक घंटे लगते हैं। जेल रोड क्राॅसिंग बंद हुई तो गंभीर मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है।
यहां हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के संचालन से अचलपुर, छीटपुर, कादीपुर, खीरीबीर, महुआर सहित 25 गांव के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। इसी तरह चिलबिला में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के संचालन से गोड़े, चिलबिला, महुली, माधोगंज ताला समेत 20 गांव के लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।
पूरे नरसिंहभान विकास भवन के पास हेल्थ वेलनेस सेंटर के संचालन से विकास भवन के आसपास जैसे रुपापुर, नरसिंहभान, देवकली, करनपुर, शिवजी पुरम समेत कई मोहल्ला के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। सहूलियत पाने वालों में दो सौ से अधिक गांव के लोग होंगे।