दिनदहाड़े सेवानिवृत्त एआरटीओकर्मी का घर खंगाल ले गए चोर
कटरामेदनीगंज। कोतवाली देहात के भुपियामऊ पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बंद मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पार कर दी। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई।
भुपियामऊ निवासी जयसिंह सेवानिवृत्त एआरटीओकर्मी हैं। वह बुधवार की सुबह मकान बंद कर परिवार के साथ लखनऊ चले गए थे। दिनदहाड़े चोर मकान का ताला तोड़ कर घर के भीतर घुसे और आलमारी व बक्सा तोड़कर जेवरात व नकदी समेटकर भाग निकले। शाम को जयसिंह घर लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। खबर मिलने पर चौकी के पुलिसकर्मी संग थानाध्यक्ष विनीत उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने के बाद चोरों की तलाश में पुलिसकर्मियों को लगाया गया। चोर करीब बीस लाख रुपये के जेवरात व नगदी चोर उठा ले गए। कोतवाली देहात के थानाध्यक्ष विनीत उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिली है। चोरों की तलाश में टीम लगाई गई है।