दो सगे भाइयों समेत तीन घरों से लाखों की चोरी
- रानीगंज के सराय सुलतानी में बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, लोगों में खौफ
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीगंज। नगर पंचायत के सराय सुल्तानी मोहल्ले में शनिवार की रात दो सगे भाइयों समेत तीन घरों से चोर लाखों रुपये के जेवरात व रुपये चुराकर फरार हो गए। एक रात में तीन घरों में चोरी की वारदातों से लोग खौफजदा हैं। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है।
सराय सुलतानी निवासी शारदा प्रसाद यादव व उनके भाई कृपा शंकर यादव दिल्ली में रहकर कारोबार करते हैं। शनिवार की रात चोर पीछे की दीवार फांदकर शारदा प्रसाद के घर के भीतर घुसे। कमरों की कुंडी में लगे ताले को काटकर पेटी व बक्से में रखे जेवरात व 11,332 रुपये समेट लिए। इसके बाद चोर कृपा शंकर के मकान से आलमारी व संदूक तोड़ कर जेवरात व 25 हजार रुपये ले भागे। दोनों घरों से करीब छह लाख के जेवरात पर हाथ साफ किया। इसके बाद पड़ोसी राजकुमारी के घर में करीब तीन लाख के जेवरात व दस हजार रुपये समेट ले गए। इसके बाद चाेरों ने पड़ोस में राम मूरत यादव और अमर सिंह यादव के घर चोरी का प्रयास किया। मीरपुर में भी रिटायर्ड फौजी जगदीश प्रताप सिंह और आशीष तिवारी के घरों में चोरी की कोशिश की, लेकिन लोगों के जागने पर उन्हें भागना पड़ा। ग्रामीणों के पीछा करने पर चोरों ने फायरिंग भी की। रविवार की सुबह घर में चोरी देख पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस लौट गई। चोरी के वारदात की खबर मिलते ही रविवार को थाने में सीओ रानीगंज विनय साहनी ने पुलिसकर्मियों को परेड में खड़ाकर क्लास लगाई। बीट के सिपाहियों व रात में गश्त करने वाले सिपाहियों को फटकार लगाई। करीब आठ महीने से क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदात हो रही है। जिस पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम रही।
-
चोरों के आगे पुलिस हुई पस्त
चोरी की बड़ी वारदातों का नहीं हो सका खुलासा, चोर दे रहे चुनौती
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीगंज। पिछले छह महीने में चोरी की 12 से अधिक वारदातों में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। चोरों के आगे पस्त हुई पुलिस एक भी घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है। चोरी की वारदातों को अंजाम देकर चोर लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। चोरी की अधिकांश वारदातों के बाद फॉरेंसिक टीम घटनास्थलों से साक्ष्य संकलित कर बदमाशों की धरपकड़ का दावा भी किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अब लोग पुलिस की लापरवाही पर अंगुली उठा रहे हैं।
केस -वन
16 जून को चोर राम नगर में भूमि विकास बैंक में कार्यरत राम नगर निवासी ह्रदय नारायण पांडेय के घर से करीब सात लाख के जेवरात व रुपये चुराकर भाग निकले। काफी प्रयास के बाद मुकदमा दर्ज तो कर लिया गया, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
केस - दो
23 जुलाई की रात चार घरों को निशाना बनाते हुए थाना क्षेत्र के प्रीतम तिवारीपुर के रिटायर्ड इंजी. देवी प्रसाद तिवारी और रिटायर्ड सूबेदार सीताराम प्रजापति के घर रात में चोर धावा बोलकर लाखों रुपए के सोने और चांदी के गहने पर हाथ साफ करके निकल गए थे। अमहटा वार्ड के सगे भाई पूर्व प्रधान वेद प्रकाश शुक्ल और बसंत लाल शुक्ल के घर भी लाखों के गहने चुरा ले गए थे।
-
केस 3
थाने के केशवापुर में 17 अगस्त की रात भी चोर एक ही रात में फिर से चार घरों को निशाना बनाते हुए निवासी भट्ठा मालिक अरविंद पांडेय उर्फ बबलू के घर में घुसकर चोर सोने और चांदी के गहने, जिसकी कीमत करीब दस लाख रुपये और 1,52,000 रुपये उड़ा दिए। पुरोहित चंद्रकांत पांडेय,कोडरडीह की फूलकली व राम नगर के पंकज यादव के घर से भी चोर जेवरात व रुपये समेटकर भाग निकले थे।