सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला को पकड़ा, कोर्ट ने भेजा जेल
लालगंज। नगर स्थित शिव मंदिर में मांस का टुकड़ा फेंकने वाली महिला को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़कर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में महिला ने तंत्रमंत्र व टोटके की वजह से उक्त हरकत की बात स्वीकार की। पुजारी की तहरीर पर उसके खिलाफ धार्मिक भावना आहत करने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। लालगंज नगर के पुरानी बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर(नागेश्वर धाम) में मंगलवार की सुबह मांस का टुकड़ा तथा चावल बिखरा देख लोग आक्रोशित हो उठे।पुलिस ने उन्हें समझाबुझाकर शांत कराया। पुजारी श्याम बिहारी शास्त्री की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली के प्रभारी सहायक पुलिस अधीक्षक अमृत जैन के निर्देश पर पुलिस टीम छानबीन में जुटी तो मंदिर के करीब लगे सीसीटीवी में बगल की महिला गुड्डा देवी भोर चार बजे साड़ी के नीचे मांस छिपाकर ले जाते दिखी। फुटेज के मुताबिक मंदिर के चारों ओर घूमने के बाद वह गेट पर मांस का टुकड़ा फेंककर चली गई।
पुलिस ने बुधवार को गुड्डा देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि तंत्रमंत्र तथा टोटका की वजह से उसने मंदिर में पका चावल तथा मांस का टुकड़ा फेंका था।
शिवलिंग पर घी,रोटी, दाल भी लपेट चुकी थी महिला
लालगंज। तंत्रमंत्र तथा टोटके के लिए नागेश्वर धाम में मांस तथा चावल फेंकने की आरोपी महिला इस घटना से दो दिन पहले शिवलिंग पर दाल, चावल, रोटी व घी लपेट चुकी थी। पहले मंदिर रात में भी खुला रहता था, लेकिन शिवलिंग पर दाल व चावल आदि लपेटने की घटना के बाद पुजारी ने ताला बंद कर दिया, जिससे नाराज महिला ने मंदिर के गेट से ही मांस का टुकड़ा तथा चावल फेंक दिया। महिला मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ भी दिखाई दी।