घर के समीप पेड़ से लटकता मिला शव, कुंडा के जमेठी महाजन का पुरवा गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा। पूर्व प्रधान के बेटे की लाश घर के समीप पेड़ की डाल से लटकती मिली। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। आत्महत्या का कारण अज्ञात है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के जमेठी महाजन का पुरवा गांव में रहने वाला सचिन यादव (16) कक्षा 11 का छात्र था। बुधवार की सुबह उसका शव घर के पास बाग में एक पेड़ की डाल से लटकता मिला। मृतक के पिता संतोष कुमार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। घटना से मृतक की दो बहन, छोटे भाई सहित परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। हांलाकि आत्महत्या का कारण अज्ञात है। परिजनों का कहना है कि सचिन बिल्कुल सामान्य था।
भूमिधरी जमीन पर कब्जे की शिकायत
जेठवारा। थाना क्षेत्र के सड़वा खास गांव की शशि पटेल ने सीएम के शिकायती पोर्टल पर शिकायत कर आरोप लगाया है कि उसका पड़ोसी भूमिधरी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। मामले का विरोध करने पर आरोपी मारपीट की धमकी दे रहे हैं। मामले की शिकायत पर जेठवारा पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। संवाद
आग से दो रिहायशी छप्पर जलकर राख
ढकवा बाजार । आसपुर देवसरा के मानापुर निवासी हरि राम वर्मा के रिहायशी छप्पर में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। आसपास के लोग जब तक आग पर काबू पाते। इससे पहले ही दो रिहायशी छप्पर जलकर राख हो गए। संवाद