पट्टी नगर पंचायत बाइपास पर बस की स्टेयरिंग फेल होने के बाद जुटी भीड़। संवाद
कटरा गुलाब सिंह के छतौना गांव से आसपुर देवसरा के परहत गांव में बारात लेकर जा रही निजी बस बुधवार को दोपहर पट्टी नगर के बाईपास पर स्टेयरिंग का लाॅक टूट जाने से अनियंत्रित होकर पलटने से बच गई। ड्राइवर ने ब्रेक मार कर बस को नियंत्रित कर लिया। इस वजह से बस में सवार लगभग 50 यात्री बाल-बाल बच गए। सभी बाराती सुरक्षित हैं।
छतौना से लगभग 50 बारातियों को लेकर बुधवार को निजी बस परहत जा रही थी। दोपहर लगभग 1 बजे बस पट्टी नगर के बाईपास से जा रही थी। इसी दौरान अचानक स्टेयरिंग का लाॅक टूट गया और स्टेयरिंग फ्री हो गई। बस चला रहे ड्राइवर रशीद को जब इसका एहसास हुआ तो उसने बस को नियंत्रित करने का प्रयास करते हुए ब्रेक लगाया।
इस दौरान बस सड़क किनारे स्थित खाई में पलटने से बच गई। इससे बारातियों के जान में जान आई। बाद में स्टेयरिंग लॉक बनवाकर बस आगे के लिए रवाना की गई।