बीच शहर से दहिलामऊ उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए की लाइन का बदलेगा मानक
30 मीटर का पोल लगाकर कई मोहल्ले में व्यवस्था बदलने की कवायद, गार्डिंग भी लगेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। भुपियामऊ मेन 220 केवीए उपकेंद्र से शहर के दहिलामऊ उपकेंद्र को आने वाली 33 हजार वोल्ट की एचटी लाइन के करंट से मीराभवन, आवास विकास मोहल्ले के आसपास रहने वाले छह लोगों की मौत 20 वर्ष के भीतर हुई है।
बीते 16 अगस्त को नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के पूरे शुकाल गांव के मजदूर राज गौड़ की इसी लाइन की चपेट में आने से मौत के बाद अमर उजाला ने हाईटेंशन लाइन से होने वाली दुर्घटनाओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसे संज्ञान में लेते हुए प्रयागराज के मुख्य अभियंता की ओर से इस लाइन के मानक को बदलने का निर्देश दिया गया है। रविवार को 11 बजे से 1 बजे तक दहिलामऊ उपकेंद्र की 33 केवीए की मेन लाइन की मरम्मत कराने के लिए शटडाऊन लिया गया है। मीरा भवन आवास विकास कालोनी में इसी लाइन के एक पुराने 20 मीटर को पोल को उखाड़ने के बाद उसी स्थान पर तीस मीटर का नया पोल लगेगा। दरअसल, फौरी राहत के तौर पर घनी बस्ती वाले मोहल्ले से गुजरी इस लाइन के सभी पोल की नई गार्डिंग भी लगेगी।
..........
वर्जन
दहिलामऊ उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए की लाइन का मानक बदला जाएगा। उच्च अधिकारियों ने समस्या को संज्ञान में लिया है। रविवार को आवास विकास काॅलोनी में 30 मीटर ऊंचा पोल लगाया जाएगा। भविष्य में हादसा न हो इसके लिए अन्य काम भी कराए जाएंगे।
अजीत कुमार यादव, एसडीओ नगर, सदर डिवीजन
............
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने सुनील, पारसनाथ यादव महामंत्री
प्रतापगढ़। जिला न्यायालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के चुनाव सुनील कुमार अध्यक्ष और महामंत्री पारसनाथ यादव बने हैं। चुनाव अधिकारी मोहम्मद अली, प्रदीप श्रीवास्तव व सुहेल की देखरेख में शनिवार को चुनाव हुआ। शैलेंद्र सिंह, संदीप मिश्र, केशव रावत, सुरेंद्र रावत, दिनेश यादव, राकेश आदि कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद