दूधिया रोशनी से जगमगाएगा स्टेडियम, रात में भी खेल सकेंगे खिलाड़ी
16 मीटर ऊंचे पोल पर 16 एलईडी लाइट लगाने की चल रही तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। स्पोर्ट्स स्टेडियम के मुख्य मैदान सहित बॉक्सिंग रिंग क्षेत्र और वाॅकर्स पथ का काफी हिस्सा जल्द ही दूधिया रोशनी से जगमगाएगा। स्टेडियम में बॉक्सिंग रिंग क्षेत्र के पास 16 मीटर ऊंचे पोल पर 16 एलईडी लाइट लगाई जाएगी। एक-एक एलईडी लाइट में 200-200 वाट के 16 बल्ब लगे होंगे।
स्टेडियम में पर्याप्त लाइट की व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं चहारदीवारी तक टूट गई है। जिला क्रीड़ाधिकारी पूनम लता राज ने जिलाधिकारी के साथ शासन को पत्र भेजकर स्टेडियम में एलईडी लाइट लगवाने की मांग की थी। शासन की ओर से हरी झंडी भी मिल गई है। क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका ईओ भी सर्वे भी कर चुके हैं। जल्द ही स्टेडियम में 16 मीटर ऊंचे पोल पर 16 एलईडी लाइट लगाई जाएगी। जिससे रात में भी दूधिया रोशनी में खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। एलईडी लाइट लगने के बाद परीक्षण होगा कि कहां-कहां तक कितना प्रकाश जा रहा है। इसके प्रकाश में कितने खेल खेले जा सकेंगे। एक महीने तक इसे जलाने पर कितना खर्च आएगा। वर्तमान समय में शाम होते ही बच्चों को खेल मैदान छोड़ना पड़ जाता है।