पैदल रेलवे लाइन पार कर रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य के बेटे की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना परिजनों को मिलने पर चीख पुकार मच गई।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के खेमीपुर निवासी कमलेश शुक्ला किसान हैं। उनकी पत्नी विशाखा देवी बीडीसी सदस्य हैं। उनके दो बेटे नागेंद्र शुक्ला उर्फ सोनू, मोनू शुक्ला और एक बेटी पूजा शुक्ला है। बेटी अंबेडकर नगर में एसआई के पद कार्यरत है। कमलेश का बड़ा बेटा नागेंद्र उर्फ साेनू (30) रविवार को प्रयागराज रिश्तेदार के घर गया था। रविवार की शाम को ऑटो से घर लौटते समय बाबूगंज बाजार पहुंचा। बाजार में उतरकर वह पैदल रेलवे लाइन पार करने लगा। शाम करीब 7.10 बजे प्रयागराज से लखनऊ जा रही नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई।