प्रतापगढ़। प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से खाद्यान्न की बोरी ढोने के मामले में जांच पूरी कर ली गई है। खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाकर यादव की रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय की पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय हैंसी परजी में शिक्षकों द्वारा बच्चों से बोरी ढोवाने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल किया था। मामले का संज्ञान लेकर बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच का आदेश दिया था। हालांकि फोटो और वीडियो के आधार पर की गई जांच में प्राथमिक विद्यालय हैंसी परजी की पुष्टि नहीं हुई है। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में प्राथमिक विद्यालय हैंसी परजी की पुष्टि नहीं हुई है। विद्यालय में बच्चों से काम करवाने पर रोक है।