लोकसभा चुनाव के व्यय प्रेक्षक सुब्रतधर ने शुक्रवार रात जिले का भ्रमण कर पुलिस और उड़नदस्ते के कार्यों की पड़ताल की। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अवैध शराब की बिक्री पर पाबंदी लगाने और गांवों में गश्त करके अवैध कारोबारियों को गिरफ्तार करने को कहा है।
लोकसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता का पालन कराने और अवैध शराब, रुपये का वितरण रोकने के लिए सात विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन उड़नदस्ते हैं। शुक्रवार को व्यय प्रेक्षक ने गड़वारा बाजार में उड़नदस्ते के कार्यों की हकीकत देखी। उन्होंने उड़नदस्ते में शामिल रामराज इंटर कॉलेज पट्टी के प्रधानाचार्य रमेश चंद्र मिश्र से जानकारी ली। उन्होंने चौकी इंचार्ज राकेश चौरसिया से कहा कि अवैध शराब के कारोबारियों पर नजर रखें और किसी तरह की सूचना आने पर हमें भी बताएं। उन्होंने कहा कि गांवों में कच्ची शराब बनाने वालों पर शिकंजा कसा जाए। व्यय प्रेक्षक ने कोंहडौर, अंतू, बिहारगंज, बाबूगंज, सांगीपुर, कटरामेदनीगंज, भुपियामऊ, रानीगंज का दौरा करके उड़नदस्ते में शामिल लोगों से जानकारी हासिल किया।