जगेशरगंज चिलबिला रेलवे स्टेशन के बीच केवल का पुरवा में ट्रैक पर पलटा क्रेन। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
रेलवे ट्रैक दोहरीकरण के कार्य में लगी क्रेन रेलवे ट्रैक पर पलट गई। यह देख अनहोनी की आशंका से परेशान कीमैन ने अधिकारियों को सूचना देने के बाद लाल झंडी दिखाकर मालगाड़ी रोक ली। कीमैन की सतर्कता से संभावित रेल हादसा टल गया।
जगेसरगंज और चिलबिला स्टेशन के बीच केवल का पुरवा गांव के पास बृहस्पतिवार को ट्रैक दोहरीकरण के दौरान एक क्रेन पलट गई। ड्यूटी पर मौजूद कीमैन सुनील कुमार गुप्ता यह देखकर परेशान हो गए। कुछ देर बाद वहां से मालगाड़ी को पास दिए जाने की सूचना थी। कीमैन सुनील ने अंतू व चिलबिला स्टेशन मास्टर को सूचना मामले की जानकारी दी। फिर रेलवे लाइन के दोनों छोर पर लाल झंडी लगा दी। वह खुद भी लाल बत्ती लेकर मुस्तैद हो गए।
सूचना पर मालगाड़ी को जगेशरगंज स्टेशन पर ही रोक लिया गया। क्रेन पलटने की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ खंड अभियंता अजय आनंद ,सहायक मंडल अभियंता डोरी लाल,रेल पथ निरीक्षक जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। रेल ट्रैक पर पलटी क्रेन को हटवाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। स्टेशन पर रोकी गई मालगाड़ी 15 मिनट बाद निकाली गई। गनीमत रही कि हादसा तो टला ही रेल ट्रैक भी सुरक्षित रहा।