जल निगम ने जनवरी से 626 गांवों में पाइप लाइन से पेयजल की आपूर्ति शुरू करने का दावा बीते साल नवंबर माह में किया था, लेकिन अभी सिर्फ 90 गांवों तक ही पानी पहुंचाया जा सका है। जनवरी के 14 दिन भी बीत चुके हैं, लेकिन काम की सुस्त गति दावों के हकीकत में बदलने में बाधा बने हैं। ऐसे में पानी के लिए परेशान ग्रामीणों की उम्मीदें टूटने लगी हैं।
जिले के ग्रामीण अंचल में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना का काम चल रहा है। मार्च-2022 में शुरू काम मार्च-2024 में पूरा होना है। गांवों में ओवरहेड टैंक भी बनने हैं, लेकिन काम की सुस्त रफ्तार से समय पर पूरा होता नहीं दिख रहा है।
जल निगम के अफसरों ने जनवरी से सभी गांवों में नलकूपों से सीधे पेयजल की आपूर्ति शुरू करने की तैयारी की थी। अफसरों ने सुस्ती का ठीकरा कार्यदायी संस्थाओं पर फोड़ दिया है। अफसरों का कहना है कि काम में ढिलाई से ऐसा नहीं हो पा रहा है।
जनवरी के 14 दिन बीत चुके हैं, लेकिन 25 फीसदी गांवों में भी पानी नहीं पहुंचा है। शेष 16 दिनों में अफसर कैसे अन्य गांवों तक पाइप से पानी पहुंचाकर लोगों की प्यास बुझा पाएंगे, यह बड़ा सवाल है।
योजना में मिला लक्ष्य
नलकूप - 357
ओवरहेड टैंक - 309
पाइप लाइन - 4140 किमी
कनेक्शन - 244211
गांव - 626
योजना की प्रगति
नलकूप स्थापित - 350
नलकूप शुरू - 41
बिछी पाइप लाइन - 3600 किमी
दिए कनेक्शन - 180000
बने ओवर हेड टैंक - 15
गांवों में पेयजल आपूर्ति- 90
गांव में दो महीने पहले पाइप लाइन बिछाई गई है। नलकूप अब तक नहीं स्थापित किया जा सका है। लगता है कि इस साल भी पाइप लाइन से पानी नहीं मिलेगा।
राज कुमार शुक्ला, मेड़रहा
पानी की काफी दिक्कत है। लगा था कि पेयजल परियोजना का काम पूरा हो जाता तो सहूलियत होती, लेकिन अभी सिर्फ पाइप लाइन बिछाई गई है।
रंजीत कुमार शुक्ला, कपूरीपुर
गांव में कुछ जगह पाइप लाइन बिछाई गई है तो कई गलियों में सिर्फ गड्ढे खोदे गए हैं। पंप हाउस बना है, लेकिन पानी की टंकी अधूरी है। ऐसे में पाइप से पानी मिलना मुश्किल लग रहा है।
राकेश यादव, पिपरहटा
चार महीने पहले पाइप लाइन बिछाकर कनेक्शन दिए गए, लेकिन पंप हाउस का काम पूरा नहीं हुआ। पूरा गांव पानी की किल्लत से जूझ रहा है। ग्रामीण परेशान हैं।
खुर्शीद आलम, किशुनपुर अंबारी
90 गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। जनवरी के 16 दिन बाकी हैं। निगरानी कर काम कराया जा रहा है। शेष गांवों में इस माह के अंत तक पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। मार्च तक सभी काम पूरे हो जाएंगे।
जैपाल सिंह,
एक्सईएन, जल निगम
नेवादा ब्लॉक के किशुनपुर अंबारी गांव में हर घर जल योजना का अधूरा पंप हाउस। संवाद
नेवादा ब्लॉक के किशुनपुर अंबारी गांव में हर घर जल योजना का अधूरा पंप हाउस। संवाद
नेवादा ब्लॉक के किशुनपुर अंबारी गांव में हर घर जल योजना का अधूरा पंप हाउस। संवाद
नेवादा ब्लॉक के किशुनपुर अंबारी गांव में हर घर जल योजना का अधूरा पंप हाउस। संवाद