शिवसत में बन रहे ड्रग वेयर हाउस की चहारदीवारी तीन सालों में महज पांच फीट ही उठ पाई है। जबकि दो साल पहले ही इसे बनकर तैयार हो जाना था। अब तक कार्यदायी संस्था बजट का रोना रो रही थी, मगर सीएमओ का दावा है कि एक करोड़ का बजट पहले दिया गया था। दो करोड़ रुपए और भी दिए जा चुके हैं।
वर्ष 2019 में प्रदेश सरकार ने ड्रग वेयर हाउस का निर्माण कराने के लिए आवास विकास परिषद को जिम्मेदारी दी थी। इसके लिए जाह्नवी कंस्ट्रक्शन का चयन किया गया था। शासन ने एक करोड़ का बजट दिया था। इस बजट में कार्यदायी संस्था ने तीन साल के भीतर महज पांच फिट की चहारदीवारी का ही निर्माण कराया है। बीच में संस्था को दो करोड़ का बजट फिर से दिया था। मगर वह भवन निर्माण की ओर ध्यान नहीं दे रही है। जबकि इसे जुलाई 2022 में ही पूरा करके विभाग को हैंडओवर किया जाना था। जिस रफ्तार से काम हो रहा है ऐसे में भवन तैयार करने की साल लगेंगे। सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ल ने कहा कि बीच में कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को डीएम ने फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया था। यदि इसके बाद भी कार्य पूरा करने में मनमानी की जा रही है तो संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।