राजस्थान में ईंट-भट्ठे पर काम करने गए मजदूर की संदिग्ध मौत
आक्रोशित परिजनों को पुलिस ने समझा बुझाकर कराया शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। राजस्थान में ईंट भट्ठे पर काम करने गए राजकुमार 30 की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रविवार को शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की जिद करने लगीं। हंगामे की खबर पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के पूरे हुलास राय का पुरवा निवासी राजकुमार राजस्थान के हनुमानगढ़ जंक्शन के पास स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। 16 जून को संदिग्ध दशा में उसकी काम करने के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजन राजस्थान पहुंचे। उसकी मौत के बारे में जानकारी करने लगे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर रविवार को घर पहुंचे। उसकी मौत पर संदेह जताते हुए परिजन संग ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। हर कोई घटना की जांच कराने व कार्रवाई की मांग पूरी होने पर ही शव के अंतिम संस्कार की बात करने लगा। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। मृतक की पत्नी मालती देवी रोते हुए बेहोश हो जाती रही।