जिले में पहली बार स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बाबागंज, दहिलामऊ, कादीपुर और रूपापुर उपकेंद्र से जुड़े 208 उपभोक्ताओं के घर पर स्मार्ट प्रीपेड लगाने का कार्य कार्यदायी संस्था ने शुरू कर दिया है। एक सप्ताह बाद दुकानों और प्रतिष्ठानों पर ही स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
बिजली विभाग की टीम ने अप्रैल माह से स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का कार्य शुरू किया था। पहले चरण में शहरी इलाकों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। बाबागंज, दहिलामऊ, कादीपुर और रूपापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं के घर कार्यदायी संस्था की टीम मीटर लगाने के लिए पहुंच रही। प्रीपेड मीटर लगाने के बाद उपभोक्ताओं को बिलिंग रसीद भी दी जा रही है। अब रिचार्ज करने के बाद ही घरों में बिजली आ सकेगी। रिचार्ज खत्म होने के बाद आपूर्ति बंद हो जाएगी। पहले चरण में नगर निकायों में मीटर लगाए जाने हैं। जिले में 5.40 लाख उपभोक्ता है। निकायों के 85 हजार उपभोक्ताओं के घरों पर बिजली लगाई जाएगी। उसके बाद दूसरे चरण की तैयारी में ग्रामीण क्षेत्रों में मीटर लगाए जाएंगे।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं मीटर
बिजली वितरण प्रथम के अधिशाषी अभियंता इं. सत्यपाल ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं। घरों में इस मीटर के लगाए जाने के बाद बाईपास बिजली, मीटर से छेड़छाड़ आदि बिजली चोरी से जुड़े कार्य नहीं किए जा सकेंगे। यदि कोई उपभोक्ता ऐसा करने का प्रयास भी करेगा तो मीटर से सीधे संदेश कंट्रोल रूम को मिल जाएगा।