युवक के ऑपरेशन का मामला, एसपी से शिकायत, डॉक्टरों की टीम कर रही है जांच
ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर का कहना- एमआरआई में तस्वीर साफ हो जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली के चौखड़ देवापुर निवासी संगीता वर्मा ने आरोप लगाया है कि बस स्टैंड स्थित अक्षत नर्सिंग होम में उनके बेटे के पथरी के ऑपरेशन के दौरान किडनी निकाल ली गई। उन्होंने डॉक्टर की शिकायत एसपी से की है। मामला सीएमओ तक पहुंचा है। तीन डॉक्टरों की जांच कर रही है।
संगीता वर्मा ने बताया कि उनके 18 वर्षीय बेटे सचिन वर्मा के दाहिने तरफ गुर्दे में 8.6 एमएम की पथरी थी। उन्होंने अपनी रिश्तेदार आशा बहू प्रेमा देवी से संपर्क किया। 17 अगस्त 2022 की सुबह दस बजे प्रेमा देवी सचिन को लेकर बस स्टैंड स्थित अक्षत नर्सिंग पहुंच गई। आरोप है कि डॉ. एसी त्रिपाठी सचिन को सीधे ऑपरेशन रूम में लेकर चले गए। करीब पांच घंटे के बाद ओटी से मरीज को निकाल कर वार्ड में लाया गया।
ऑपरेशन के नाम पर 27 हजार रुपये भी लिए। डिस्चार्ज करते समय 1500 रुपये की दवा दी। जब तक सचिन दवा खाता रहा, तब तक उसे दर्द नहीं हुआ। दवा बंद करने पर पेट में दोबारा दर्द होने लगा। इस पर उन्होंने दो अलग-अलग सेंटरों पर अल्ट्रासाउंड कराया, जिनमें एक किडनी नहीं होने की बात पता चली। इसके बाद डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड कराया, जहां रेडियोलॉजिस्ट ने एक किडनी न होने की जानकारी दी।
परेशान परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच कराने की बात कह कर देकर लौटा दिया। हालांकि कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया शिकायत सीएमओ तक पहुंचा दी गई है। शनिवार को परिजनों ने एसपी ऑफिस में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई।
मरीज जब अस्पताल में ऑपरेशन कराने आया था, उस समय भी उसकी किडनी सिकुड़ी हुई थी। ऑपरेशन के बाद और सिकुड़ गई होगी। इसलिए अल्ट्रासाउंड जांच में दिखाई नहीं पड़ रही है। एमआरआई कराने पर किडनी जरूर दिखेगी।
- डॉ. एसी त्रिपाठी, अक्षत नर्सिंग होम संचालक
सीएमओ के पास पीड़ित के शिकायती पत्र को भेजा गया है। तीन डॉक्टरों की टीम का गठन कर पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- विद्यासागर मिश्र, एएसपी पूर्वी