बाबूगंज बाजार से घर लौट रहे बाइक सवार छात्र को ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर मिलने पर परिजनों में कोहराम मचा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेठवारा थाना क्षेत्र के सरायमकई निवासी सत्यम सिंह (16) पुत्र उदयभान लक्ष्मणपुर स्थित इंटर कालेज में कक्षा बारह का छात्र था। मंगलवार दोपहर वह बाइक से बाबूगंज बाजार गया था। बाजार से जरूरी सामान खरीदने के बाद वह घर लौट रहा था। गांव के करीब ही सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसके ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया। दुर्घटना के बाद लोगों ने शोर मचाते हुए ट्रक का पीछा कर लिया। कुछ दूर जाने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। घटनास्थल पर ही सत्यम की मौत हो चुकी थी। खबर मिलने पर घर में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में देर रात मृतक छात्र के परिजन की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।