कॉलेज से घर साइकिल से जा रहे छात्र की पिटाई करते युवक। सोशल मीडिया
कोतवाली देहात के खूंटाघाट के करीब कॉलेज जा रहे छात्र को कुछ लोगों ने बेल्ट और डंडे से मारापीटा। छात्र ने भागने की कोशिश की लोगों ने उसे दौड़ाकर पीटा। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घर से फरार हैं। उनकी तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
अंतू थाना क्षेत्र के पूरे बंशी निवासी बृजेश मौर्या मंगलवार को मोहनगंज कॉलेज जा रहे थे। खूंटाघाट के करीब नकाबपोश युवकों ने छात्र को रोक लिया और मारपीट करने लगे। इस दौरान किसी ने छात्र का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शुक्रवार की शाम वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली देहात की पुलिस हरकत में आई। आननफानन पुलिस ने छात्र के परिजनों की तहरीर पर मारपीट करने वाले कुलदीप सरोज, विजय मौर्या, नितिन सरोज समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष विनीत उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एआरटीओ कार्यालय गए युवक को पीटा
नगर कोतवाली के जेल रोड सहोदरपुर निवासी हजरत अली ने मुकदमा दर्ज कराया कि उसका बेटा जावेद खान शुक्रवार को किसी काम से एआरटीओ कार्यालय शुकुलपुर गया था। जहां जैतीपुर कठार निवासी उमैश खान, मकसूद अहमद उर्फ टाइगर, निसार और कुछ अज्ञात लोगों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। रिश्तेदार से जानकारी के बाद हजरत मौके पर पहुंचे और अपने बेटे को जख्मी हालत में घर लेकर लौटे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।