नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली माधोगंज में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच बृहस्पतिवार की रात में मारपीट हो गई। दोनों पक्ष सड़क पर हंगामा करने लगे, जिससे भीड़ जुटना शुरू हो गई।
पुलिस के पहुंचने पर एक पक्ष के संतोष गुप्ता ने खुद को कमरे में बंदकर फांसी लगाने की धमकी देना शुरू कर दिया। फांसी की बात सुनकर पुलिस के पसीने छूटने लगे। पुलिस ने दीवार फांदकर कमरे के दरवाजे को तोड़ दिया और संतोष को बाहर निकालकर मेडिकल के लिए भेजा।
दरअसल, महुली माधोगंज निवासी संतोष गुप्ता का आरोप है कि उसके भाई से जमीन बंटवारे को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि बृहस्पतिवार की शाम उसने सौतेले भाई ओमप्रकाश को ट्रक ले जाने से मना किया। नाराज ओमप्रकाश गुप्ता, नीशू गुप्ता, सुनीता गुप्ता व अनीता गुप्ता ने उनके सिर पर राॅड से हमला कर दिया।
जिससे वह बेहोश हो गिर गए। परिजनों के विरोध करने पर कार का शीशा तोड़ दिया। बीच बचाव करने पहुंची पत्नी भाजपा नेत्री संगीता गुप्ता को भी पीट दिया। पुलिस ने संतोष को मेडिकल के लिए भेज दिया है। अभी हाल ही में कंचन कांड में पुलिस पर पैसा लेने का आरोप लगा था।
एक बार फिर वही समस्या पुलिस के सामने खड़ी हो गई है। संतोष गुप्ता ने शहर कोतवाल पर पैसा लेकर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि संतोष की पत्नी संगीता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पैसा लेने की बात पूरी तरह से गलत है। संवाद