रोडवेज डिपो के अधिकारियों ने कमाई की उम्मीद को देख जौनपुर, बादशाहपुर व विंध्य धाम के लिए नवरात्र में स्पेशल बसों को दौड़ाने का रोडमैप तैयार किया है। पांच नई बसों की मांग डिपो के अधिकारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक से की है, लेकिन तीन माह से कम कमाई होने से नई बसों के मिलने में अड़चन है।
सिविल लाइंस रोडवेज डिपो के पास अभी लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, अयोध्या, जौनपुर, बादशाहपुर, प्रयागराज, अमेठी, कुंडा, आंबेडकर नगर, गोरखपुर रूट के लिए कुल 75 बसें हैं। डिपो पर 20 अनुबंधित बसें प्रयागराज, लखनऊ, सुल्तानपुर रूट पर दौड़ लगा रहीं हैं।
तीन माह से कमाई आधी होने के बाद अधिकारियों के साथ ही कर्मचारियों का सिरदर्द बढ़ा है। जौनपुर, विंध्याचल धाम, बादशाहपुर रूट पर वाराणसी कैंट स्टेशन पर ट्रेन का संचालन ठप होने से कमाई का अवसर देख एआरएम ने नया रोडमैप तैयार किया है।
नवरात्र की शुरुआत होने पर 15 अक्तूबर से लखनऊ व कानपुर रूट की चार बसों को हटाकर जौनपुर, बादशाहपुर व विंध्याचल धाम रूट पर दौड़ाने की तैयारी लगभग पूरी है। एआरएम ने प्रयागराज क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर डिपो के लिए पांच नई बसों की मांग की थी। कम कमाई होने की वजह से अभी उच्च अधिकारियों ने मंथन के बाद इसे पूरा करने का मौखिक आदेश दिया है।
एआरएम पीके कटियार ने बयाया कि नई बसों की डिमांड उच्च अधिकारियों से की गई है। कमाई के लिए नवरात्र में कुछ रूट पर बसों का डायवर्जन करेंगे।