नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण करने के साथ ही थानों से फरियादियों की समस्या का निस्तारण कराना उनकी प्राथमिकता में है। अपराध पर नियंत्रण करना सभी की जिम्मेदारी है।
अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बृहस्पतिवार को जिले की कमान संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी के आरोपी नजर में रहेंगे। गोवंश, शराब और मादक पदार्थों आदि की तस्करी करने वाले पर नकेल कसी जाएगी। अभियोजन मजबूत करके अपराधियों को सजा भी दिलाई जाएगी। जिले में अपराधियों की निगरानी का जिम्मा प्रत्येक पुलिसकर्मी को दिया जाएगा। एंटी रोमियो टीम को मजबूत किया जाएगा। बैरियर और हर जगह चेकिंग तथा गश्त बढ़ाई जाएगी। अगर पुलिसकर्मी कहीं भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए तो उन पर भी कार्रवाई करने में देर नहीं होगी। राजस्व के विवादों के निस्तारण में पुलिस का पूरा सहयोग रहेगा। ट्रैफिक की अव्यवस्था दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के लोग अपनी समस्या मैसेज के रूप में टाइप करके उनके सीयूजी नंबर पर ह्वाटसएप पर भेज सकते हैं। मैसेज की जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जनता के लिए मित्र बनकर काम करेगी,जबकि अपराधियों पर कड़ाई होगी। गुंडा एक्ट, गैंगस्टर व एनएसए जैसी कार्रवाई होगी व संपत्ति को जब्त किया जाएगा।
इसके बाद सीओ व थानेदारों से परिचय प्राप्त करते हुए अपनी प्राथमिकता बताई। कहा कि पीड़ित के साथ न्याय हो इसका ध्यान रखा जाए। अपराध पर लगाम लगाने के लिए हर कठोर कदम उठाएं। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश सिंह, एएसपी पश्चिमी संजय राय, सीओ सिटी शिवनारायण साहू समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।