पुलिस को चुनौती देते हुए बदमाश बुधवार रात खिड़की की ग्रिल तोड़कर दो कमरों से करीब छह लाख के जेवर समेटकर भाग निकले। बृहस्पतिवार सुबह चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
देहात कोतवाली के जलालपुर निवासी मनोजेंद्र मिश्रा अपने परिवार के साथ बुधवार रात बरामदे में सो रहे थे। आधी रात बदमाश मकान के पीछे के रास्ते खिड़की का ग्रिल तोड़कर भीतर घुसे। बदमाशों ने छोटे भाई के कमरे से तीन सोने की चेन, चार अंगूठी, तीन पायल, चांदी का एक प्लेट समेत करीब छह लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह घरवाले सोकर उठे तो चोरी देख हैरत में पड़ गए। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। छह लाख रुपये की चोरी की खबर मिलते ही देहात कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किया। पुलिस घर के आसपास नजर आने वाले लोगों के बारे में पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही ने बताया कि तहरीर मिली है। उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोरी करने वालों की धरपकड़ होगी।
पुलिस खंगालेगी सीसीटीवी फुटेज
जलालपुर जाने वाले रास्ते पर लगे सीसीटीवी के जरिये पुलिस चोरों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है। पुलिस को भरोसा है कि जिस रास्ते से चोर निकले होंगे। किसी न किसी सीसीटीवी में कैद हुए होंगे।