राज्य विश्वविद्यालय ने जल्द ही शोध जमा करने का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। राज्य विश्वविद्यालय ने परास्नातक कक्षाओं के छात्रों का लघु शोध न जमा करने पर छह कॉलेजों को नोटिस जारी किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द से जल्द लघु शोध जमा करने का निर्देश कॉलेजों को दिया है। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय द्वारा कॉलेजों की एमए गृहविज्ञान और एमएससी वनस्पति विज्ञान चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा एक माह पहले कराई गई थी। परीक्षा के पूर्व में ही कॉलेजों को लघु शोध छात्रों से प्राप्त कर विश्वविद्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन परीक्षा समाप्त हो जाने के बाद भी जमा नहीं कराए गए। जिससे एमए गृह विज्ञान और एमएससी वनस्पति विज्ञान के छात्रों का परीक्षाफल जारी नहीं किया जा सका। कुलसचिव संजय कुमार ने बताया कि धनराज कुंवर गर्ल्स डिग्री कॉलेज, मां कलावती महाविद्यालय, नरसिंह नारायण शुक्ला महाविद्यालय, पं. रामनरायण शर्मा महाविद्यालय, पं.सुखराज रघुनाथी इंस्टीट्यूट ऑफ एजूकेशन, पीजी कॉलेज बाबागंज के छात्रों का लघुशोध नहीं जमा किया गया है।
परीक्षा के एक माह बीत जाने के बाद भी कॉलेजों की लापरवाही पर राज्य विश्वविद्यालय ने नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी की है। कॉलेजों को निर्देश दिया गया है कि लघु शोध को जल्द से जल्द विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में जमा किया जाए। जिससे लघु शोध का मूल्यांकन कराकर परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके। लघु शोध न जमा करने पर परीक्षा परिणाम जारी नहीं हो सकेगा। ऐसे में विश्वविद्यालय द्वारा प्रति वर्ष जारी की जाने वाली मेरिट सूची से कई योग्य छात्रों को नाम बाहर हो सकता है।