बीमार ने बैंक कर्मियों पर लगाया मारपीट का आरोप
- राजापुर के बैंक ऑफ इंडिया की घटना, आरोप पीड़ित का मोबाइल भी तोड़ा
उदयपुर। क्षय रोग पीड़ित मरीज ने बैंक कर्मियों पर मारपीट व मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया है। आरोप है कि बैंक ऑफ इंडिया में पैसा निकालने पहुंचने पर उसके साथ घटना हुई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि वीडियो बनाने से रोका गया, मारपीट की बात निराधार है।
उदयपुर थाना के कंधई पांडेय का पुरवा निवासी जीतेंद्र कुमार शुक्ल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह क्षय रोग से पीड़ित है और काफी दिनों से बीमार चल रहा है। इलाज के लिए बड़े भाई ने दिल्ली से उसके राजापुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के खाते में पैसा भेजा था। पैसा निकालने के एक माह से वह बैंक का चक्कर लगा रहा है, लेकिन बैंककर्मी प्रतिदिन कोई न कोई बहाना बताकर लौटा देते हैं।
दवा खत्म होने पर तबीयत बिगड़ने लगी तो सोमवार को वह फिर बैंक में पैसा निकालने पहुंचा। बैंक कर्मियों ने उसे फिर टरकाया तो उनकी करतूत रिकार्ड करने के लिए पीड़ित ने मोबाइल निकाला। आरोप है कि इससे नाराज शाखा प्रबंधक व कैशियर ने मोबाइल तोड़ दिया। फिर अंदर कमरे में ले जाकर उसके साथ मारपीट करने के बाद धक्का देकर बैंक से भगा दिया गया।
पीड़ित ने बैंक कर्मियों पर केस दर्ज करने की मांग की है। उसका कहना है कि पैसा नहीं देने की वजह भी नहीं बताई जा रही है। बैंक के शाखा प्रबंधक मोहन यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता का खाता बंद था, केवाईसी अपडेट के बाद भुगतान करने को कहा गया था। वीडियो बनाने से रोका गया, मारपीट का आरोप निराधार है। उदयपुर एसओ निकेत भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद
..............